आपराधिक मामलों में शामिल झपटमार दबोचा, चोरी की बाइक और दो मोबाइल बरामद
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित एक सक्रिय झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित पर पहले से 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव के अनुसार क्राइम ब्रांच की एआरएससी (एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल) टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय सोमवीर उर्फ सोमबीर को त्रिलोकपुरी इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपित कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के झपटमारी और आर्म्स एक्ट के दो मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी किए जा चुके थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 20 मई को कांस्टेबल सुमित कुमार को सूचना मिली थी कि सक्रिय झपटमार सोमवीर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर त्रिलोकपुरी मार्केट इलाके में अपने साथियों से मिलने आएगा। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर के.के. शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्रिलोकपुरी इलाके में जाल बिछाकर आरोपित को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो वेलकम थाने में दर्ज एक चोरी के मामले से संबंधित निकली। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। इनमें से एक मोबाइल पहले दर्ज चोरी की शिकायत का पाया गया, जबकि दूसरे मोबाइल के संबंध में जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपित दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। पहला मामला वर्ष 2021 में कल्याणपुरी थाने में दर्ज स्नैचिंग और चोरी से संबंधित है। दूसरा मामला वर्ष 2022 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ था। दोनों मामलों में अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए सोमवीर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। हाल के दिनों में वह त्रिलोकपुरी इलाके में रह रहा था।
पूछताछ में पता चला कि आरोपित आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखता है। उसने आठवीं तक पढ़ाई की थी, लेकिन परिवार की खराब आर्थिक स्थिति के कारण पढ़ाई छोड़ दी। शुरुआती दौर में वह अपने पिता के साथ सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। बाद में वह इलाके के आदतन अपराधियों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे झपटमारी, चोरी और लूट जैसी वारदातों में शामिल हो गया।















