किशोरी की हत्या कर शव झोपड़ी के पास फेंका, जांच में जुटी पुलिस
मीरजापुर, पड़री थाना क्षेत्र के दुबेपुर बसारी गांव में रविवार सुबह एक किशोरी का शव मिला। शरीर पर चोट के गहरे निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एएसपी नितेश सिंह, एडीएम सदर महेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार पहाड़ी अरविंद पाण्डेय, सीओ सदर मुनेंद्र सिंह, थाना प्रभारी पड़री प्रदीप सिंह, महिला थाना प्रभारी ज्ञानूप्रिया तथा चील्ह थाना प्रभारी रवेंद्र भूषण मौर्य सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही।
एसपी ने बताया कि मोहन विंद की पुत्री कविता (15) शनिवार रात घर में अपनी दो भाभियों के साथ सोई थी। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच परिजन की आंख खुली तो वह बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका में रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
एसपी ने बताया कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।















