शिमला,   राजधानी शिमला में दिल्ली से आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रविवार सुबह कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर बालूगंज थाना अंतर्गत कच्चीघाटी क्षेत्र में हुई, जहां ओवरटेक करने को लेकर स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने बस को रुकवाकर चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट की।

पुलिस के अनुसार एचआरटीसी की वोल्वो बस दिल्ली से शिमला आ रही थी। इसी दौरान कच्चीघाटी के पास बस चालक ने एचआर नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों ने बस को बीच रास्ते में रुकवा लिया और चालक के साथ हाथापाई की।

घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो लोगों को मौके से ही पकड़ लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय पंकज पुत्र शिव कुमार और 22 वर्षीय विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम, दोनों निवासी पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के साथ हिंसक व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।