पटना (PATNA): भारत सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत बिहार राज्य को वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 210 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता राशि जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है. यह राशि राज्य को अनुदान सहायता के रूप में दी गई है. यह भुगतान वर्ष 2023–24 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों से संबंधित है. इस चरण के लिए कुल केंद्रीय हिस्सेदारी 987.875 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें से अब तक 383.75 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके थे.

किस्त के अंतर्गत राज्यांश 165.53 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया

वर्तमान में 210 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बाद केंद्रीय हिस्से की शेष राशि 394.125 करोड़ रुपये रह जाएगी. इस किस्त के अंतर्गत राज्यांश 165.53 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है.

केंद्र सरकार का निर्देश

केंद्र सरकार के निर्देशानुसार, बिहार सरकार को केंद्रीय सहायता राशि के साथ संबंधित राज्यांश को 30 दिनों के भीतर बिहार ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी (बीआरआरडीए), ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार को स्थानांतरित करना होगा. यह सहायता राशि राज्य में ग्रामीण सड़क अवसंरचना को मजबूत करने, ग्रामीण संपर्क बढ़ाने और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.