बजट सत्र : विधानसभा में उठा पीएम आवास योजना में गड़बड़ी का मामला
पटना (PATNA): बिहार विधानसभा में बुधवार को बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने सीतामढ़ी के रीगा विधानसभा में पीएम आवास योजना में गड़बड़ी किए जाने से संबंधित मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को वंचित किया जा रहा है.
भाजपा विधायक ने उठाया आवास में गड़बड़ी किए जाने का मामला
भाजपा विधायक सुनील कुमार, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी ने भी पीएम आवास में गड़बड़ी किए जाने का मामला उठाया और लाभुक से राशि लेने की बात भी कही. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि लाभुक से 30 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है. मेरे पास वीडियो भी आया है और हमने गोपालगंज डीएम को भी भेजा हैं। लेकिन अब लाभुक को ही धमकी दी जा रही है.
48 लाख 46000 लोगों ने अधिकारियों को दिया था आवेदन
इस पर जवाब देते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सूची बन गई है. एक करोड़ चार लाख 90 हजार लाभुक की सूची बनी है. प्रधानमंत्री आवास के लिए 48 लाख 46000 लोगों ने अधिकारियों को आवेदन दिया है. 20 लाख 41000 ऑनलाइन आवेदन किया है और अन्य माध्यमों से आवेदन दिया है. अब प्रधानमंत्री आवास के लिए जांच चल रही है. सदस्यों को जब सूची बन रही थी तो उस समय मैं पत्र लिखा था, इसलिए सूची को लेकर सवाल नहीं उठाना चाहिए. प्रधानमंत्री आवास में अनियमित को लेकर उठाए गए सवाल पर मंत्री ने कहा सुनील कुमार ने जो सवाल उठाया है हम उसकी जांच करवा लेंगे और उन्हें भी उस जांच टीम में भेजेंगे.















