सीवान,   रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड, आरपीएफ पोस्ट सीवान एवं जीआरपी सीवान की संयुक्त कार्रवाई में मैरवा रेलवे स्टेशन से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 14.6 लीटर देशी शराब बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक सीवान सुभाष चंद्र यादव के आदेश पर रविवार को मैरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर फुट ओवर ब्रिज के समीप संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक हैंडबैग एवं शरीर में शराब छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 200 एमएल का 73 पीस रोमियो राजा लाइम देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.600 लीटर तथा अनुमानित कीमत 4,015 रुपये बताई गई है। बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सुपुर्द कर दिया गया।

इस संबंध में जीआरपी थाना सीवान में कांड संख्या 92/26 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जनार्दन सिंह (58 वर्ष), पिता राज बहोरना सिंह, निवासी रतसिया, थाना बनकटा, जिला देवरिया,उत्तर प्रदेश तथा अनवर अंसारी (40 वर्ष), पिता नथुनी अंसारी, निवासी प्रतापपुर, थाना श्रीरामपुर, जिला देवरिया ,उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, जीआरपी के एसआईटी सुरजीत कुमार, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, कांस्टेबल अमरेन्द्र सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के कांस्टेबल बबलू कुमार यादव शामिल रहे।