बकरीद को लेकर जिला शांति समिति की हुई बैठक
भागलपुर, भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला दंडाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी भागलपुर डॉक्टर नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को ईद उल जोहा (बकरीद) को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
मोहर्रम शांति समिति के सदस्यों द्वारा बकरीद के दौरान नमाज अदा करने वाले स्थलों पर साफ सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस गश्त करवाने, महर्षि मेंही आश्रम के पास वाले सड़क पर बिजली तार की स्थिति को दुरुस्त करवाने, बिजली की उपलब्धता रखने, नमाज अदा वाले स्थलों के समीप पीने की पानी के टैंकर की व्यवस्था करवाने तथा कुर्बानी स्थल के अपशिष्ट पदार्थ का निष्पादन करवाने के सुझाव दिए।
शांति समिति को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि सबसे पहले तो शांति समिति को बधाई की आज तक उन्होंने सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि जिला शांति समिति के सभी सुझाव को नोट कर लिया गया है। सड़क जहां भी मरमत योग्य होंगे, उनकी मरम्मती कराई जाएगी।
उन्होंने भागलपुर के सभी थानों को गहन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई बिना हेलमेट के बिना उचित कागजात के गाड़ी चलाता है तो उसे गंभीरता से चेक किया जाए और जो भी जुर्माना है उसे अधिरोपित किया जाए। परीक्षा को लेकर भी जितने भी होटल और रेस्ट हाउस है उनकी जाँच की जाए। यहां तक की रेस्टोरेंट यदि किसी व्यक्ति को रखता है तो उसका भी कैरेक्टर वेरीफाई करवाना होगा।
जिला शांति समिति को संबोधित करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस ने संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर लिया है। वहां पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। नमाज अदा के समय पुलिस द्वारा गश्ति की जाएगी। डीएम ने 26 मई से ही गश्ति करवाने के निर्देश दिए।
सिटी एसपी ने कहा कि शहर में एक मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम है लेकिन त्यौहार को देखते हुए एक और गश्ति टीम का गठन किया जाएगा। अफवाहों पर निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया टीम कार्यरत है जो मॉनिटरिंग करता रहेगा। अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार के अफवाह यदि मिलती है तो सीधे पुलिस को सूचित करें ना कि उसे प्रसारित किया जाए।
बैठक में संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय राकेश कुमार सहित तमाम संबंधित पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।















