सीवान,  जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। हरिहर छपरा हत्याकांड की जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि अपराधियों ने एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

शुक्रवार की देर रात सईपुर गांव में एक अधेड़ की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। लगातार दूसरी वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी 48 वर्षीय सोहन राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह कई वर्षों से अपने ससुराल सईपुर में रह रहा था। शुक्रवार की रात वह अपने परिवार के साथ फूसनुमा मकान में सोया हुआ था। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुस गए और सोए अवस्था में उस पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेत दिया।

परिजनों के अनुसार, हमले के दौरान शोर सुनकर मृतक की पत्नी की नींद खुली। उसने चिल्लाकर लोगों को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो सोहन राम की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक जांच करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधिकारियों ने मामले के त्वरित उद्भेदन तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

लगातार दूसरी हत्या से उठे कानून-व्यवस्था पर सवाल

गौरतलब है कि महज चार दिन पहले हरिहर छपरा गांव में भी अपराधियों ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उस हत्याकांड का खुलासा अभी पूरी तरह हुआ भी नहीं था कि अपराधियों ने एक बार फिर उसी थाना क्षेत्र में लगभग उसी तरीके से दूसरी हत्या कर दी।

लगातार दो जघन्य हत्याओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

एक ही सप्ताह में दो गला रेतकर हत्याओं ने सिसवन क्षेत्र को दहला दिया है, जबकि पुलिस के सामने अब अपराधियों तक पहुंचने और लोगों का भरोसा कायम रखने की बड़ी चुनौती है।