दोस्त के साथ निकला युवक, चार घंटे बाद चंवर में मिली लाश
सीवान, सीवान जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड के उजैना गांव में शुक्रवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव चंवर में फेंक दिए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उजैना गांव निवासी भरत मांझी के 22 वर्षीय पुत्र मनु पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, मनु पासवान बाहर रहकर राजमिस्त्री का काम करता था और करीब 25 दिन पहले ही घर लौटा था। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे गांव का ही उसका एक दोस्त बाइक से उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
रात करीब 10 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि मनु चंवर में बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो मनु की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजनों का आरोप है कि मनु की हत्या करने के बाद शव को चंवर में फेंक दिया गया। उनका कहना है कि शरीर पर हल्के कट के निशान मिले हैं और आशंका है कि अपराधियों ने करेंट लगाकर उसकी हत्या की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद उजैना गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।















