आज से कमर्शियल गैस सिलेंडर और पांच किग्रा का छोटा हुआ महंगा, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटी
नई दिल्ली, पेट्रोल और डीजल के बाद आज से 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत में 42 रुपये का इजाफा किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है।
राहत की बड़ी बात यह है कि केंद्र सरकार ने आज से पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ़्यूल (एटीएफ) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटाने की घोषणा की है। गैस प्रदाता कंपनियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पांच किलोग्राम वाला छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपये का मिलेगा। कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 53.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे वहां 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3255.50 रुपये हो गई है।
केंद्र ने 01 जून से पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर अपनी एक्सपोर्ट ड्यूटी को कम करने की घोषणा की है। सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल गेन टैक्स को आधा करके 1.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। डीजल पर टैक्स को घटाकर 13.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर कर को घटाकर 9.50 रुपये प्रति लीटर किया गया है।















