नई दिल्ली, घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में आज सुबह भारतीय रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारी गिरावट के साथ शुरुआत की है। पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार को रुपया 93.70 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था। आज सुबह इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट खुलते ही भारतीय मुद्रा पिछले बंद भाव के मुकाबले 33 पैसे टूट कर 94.03 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर खुली। शुरुआती कारोबार के पहले आधे घंटे के भीतर यह दबाव और बढ़ गया, जिसके चलते सुबह 9:45 बजे रुपया 0.3975 रुपये यानी 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 94.0975 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई ताजा तेजी और आयातकों की ओर से बढ़ी डॉलर की मांग ने आज सुबह घरेलू करेंसी पर दबाव बनाने का काम किया है। शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया एक समय फिसलकर 94.1625 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी चला गया था। हालांकि, दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज सुबह 0.0400 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 103.13 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके बावजूद घरेलू स्तर पर डॉलर की लिवाली हावी रहने से रुपये की सेहत कमजोर नजर आ रही है।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आई इस भारी गिरावट के विपरीत आज सुबह दुनिया की अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में भारतीय रुपये ने शानदार मजबूती दर्ज की है। ब्रिटिश पॉन्ड (जीबीपी) के खिलाफ भारतीय रुपये में आज बढ़त का रुख बना हुआ है। पिछले बंद भाव 124.8259 के मुकाबले ब्रिटिश पॉन्ड आज 0.3637 रुपये यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 124.4622 के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो (ईयूआर) के सामने भी रुपया आज सुबह पूरी ताकत दिखा रहा है। पिछले सत्र में 104.3429 पर बंद होने वाला यूरो आज भारतीय मुद्रा के सामने 0.3164 रुपये यानी 0.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 104.0265 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा जापानी येन (जेवाईपी) 0.17 प्रतिशत टूट कर 0.5880 के स्तर पर और चीनी युआन (सीएनवाई) 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14.0943 के स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक बाजार से मिल रहे कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमत ने रुपये पर दबाव बनाया है। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से जारी पूंजी प्रवाह (कैपिटल इनफ्लो) रुपये के लिए निचले स्तर पर एक बड़ा सहारा बना हुआ है। जानकारों के अनुसार, यदि कच्चे तेल में तेजी जारी रहती है, तो शॉर्ट टर्म में रुपया सीमित दायरे के भीतर उतार-चढ़ाव दिखा सकता है।

झारखंड की ताज़ा खबरें