भारत-जीसीसी की एफटीए पर बातचीत शुरू करने के लिए नियम-शर्तों पर हुए हस्ताक्षर
भारत-खाड़ी सहयोग परिषद देशों ने मुक्त व्यापार समझौता के लिए शुरुआती शर्तों पर किए हस्ताक्षर
नई दिल्ली, यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ व्यापार समझौता के बाद भारत पश्चिमी एशियाई देशों के समूह खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पर आगे बढ़ रहा है। भारत-जीसीसी ने मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू करने के लिए संदर्भ की शर्तें (टीओआर) पर गुरुवार को हस्ताक्षर कर दिए हैं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पश्चिमी एशियाई देशों के समूह खाड़ी सहयोग परिषद के साथ वार्ता को लेकर नियम एवं शर्तों पर हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता की। टीओआर में नियम एवं शर्तों में प्रस्तावित व्यापार समझौते का दायरा और तौर-तरीके बताए गए हैं।
वाणिज्य मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में 6 देशों वाले सीजीसी (बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात) के साथ हमारे संबंध एक रणनीतिक साझेदारी में बदल गए हैं और नए और बड़े आयामों तक पहुंच गए हैं।
उल्लेखनीय है कि जीसीसी, खाड़ी क्षेत्र के छह देशों सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन का समूह है। इससे पहले दो दौर की बातचीत 2006 और 2008 में हुई थी। जीसीसी द्वारा सभी देशों और आर्थिक समूहों के साथ वार्ता स्थगित करने के कारण तीसरे दौर की वार्ता नहीं हो पाई थी।















