वैश्विक दबाव से लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 3.69 लाख करोड़ की चपत
नई
दिल्ली, वैश्विक दबाव की वजह से बीएसई के मंथली
एक्सपायरी के दिन घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार
की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से
सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी आई, लेकिन यह
तेजी टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया,
जिससे दोनों सूचकांक गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स
0.70 प्रतिशत और निफ्टी 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार की
कमजोरी के कारण निवेशकों की संपत्ति एक दिन में ही लगभग 3.69 लाख करोड़
रुपये घट गई।
बीएसई का सेंसेक्स आज 103.82 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की
मजबूती के साथ 77,576.76 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही
खरीदारी का सपोर्ट मिलने से पहले मिनट में ही यह सूचकांक 222.03 अंक यानी
0.29 प्रतिशत उछल कर 77,694.97 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली
शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स लगातार गिरता चला गया।
हालांकि,
खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की
कोशिश की, लेकिन बिकवाली के जबरदस्त दबाव की वजह से उनकी कोई भी कोशिश सफल
नहीं हो सकी। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी
स्तर से 761.38 अंक लुढ़क कर 539.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के
साथ 76,933.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के
निफ्टी ने आज 69.85 अंक यानी 0.29 प्रतिशत उछल कर 24,277.60 अंक के स्तर
से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक
89.70 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,297.45 अंक के स्तर तक आ
गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी ने
लाल निशान में गोता लगा दिया।
दोपहर एक बजे के करीब खरीदारों ने
लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए इस सूचकांक की चाल
में मामूली सुधार भी हुआ हालांकि, यह सुधार भी टिकाऊ नहीं हो सका। दोपहर दो
बजे के करीब मंदड़ियों ने एक बार फिर शेयरों की चौतरफा बिक्री शुरू कर दी।
लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 206.60 अंक
फिसल कर 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,090.85 अंक के
स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान कैपिटल गुड्स,
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की खरीदारी होती
रही। दूसरी ओर, मीडिया, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों पर बिकवाली
का दबाव लगातार बना रहा। इसी तरह बैंकिंग, आईटी, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और
पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर दबाव बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का
मिडकैप इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप
इंडेक्स ने 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज
शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति
में 3.60 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड
कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 491.54 लाख
करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका
मार्केट कैपिटलाइजेशन 495.23 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के
कारोबार से करीब 3.69 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर
के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,526 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई।
इनमें 1,824 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,491 शेयरों में गिरावट का
रुख रहा, वहीं 211 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। इसी तरह एनएसई
में आज 3,188 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,139 शेयर मुनाफा
कमा कर हरे निशान में और 2,049 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर बढ़त के साथ, 24 शेयर
गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। निफ्टी में
शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में, 31 शेयर लाल निशान में और
एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद
बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज
1.83 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.80 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.33 प्रतिशत,
सिप्ला 1.23 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ
आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को
इंडस्ट्रीज 2.75 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.23 प्रतिशत, महिंद्रा एंड
महिंद्रा 2.01 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.48 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजी
1.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।














