शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के
नई
दिल्ली, घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान
आज गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ
हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और
निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का
कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.85 प्रतिशत और निफ्टी 0.76 प्रतिशत टूट कर
कारोबार कर रहे थे।
आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद
स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी, कोल इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ
इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 0.42
प्रतिशत से लेकर 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी
ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, एटरनल, इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयर
3.91 प्रतिशत से लेकर 2.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ
रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,645 शेयरों में
एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 708 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान
में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,937 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में
कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर
लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 24 शेयर बिकवाली
के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50
शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार
करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 242.12 अंक की कमजोरी के
साथ 83,052.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली
का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार
हो रही बिकवाली के कारण सेंसेक्स 82,481.53 अंक के स्तर तक गिर गया।
हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे,
लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर
नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का
कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 711.95 अंक फिसल कर 82,582.71 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज
71.20 अंक टूट कर 25,641.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार
खुलने के बाद बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ
गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी लुढ़क कर 25,482.85 अंक के
स्तर तक गिर गया। इस बीच खरीदार लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश करते रहे,
लेकिन इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी
लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी
194.45 अंक की कमजोरी के साथ 25,518.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके
पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 479.95 अंक यानी 0.58 प्रतिशत
की मजबूती के साथ 83,294.66 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने
141.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,713 अंक के स्तर पर सोमवार
के कारोबार का अंत किया था।















