बरेली,  प्रेमनगर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

सुभाषनगर निवासी बृजेश मिश्रा एडवोकेट ने प्रेमनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 और 31 मई की रात वह अपने मामा के साथ गांव से घर और जमीन बेचने संबंधी कार्य निपटाकर लौटे थे। आरोप है कि जब वह गुलाबनगर स्थित मामा के घर के बाहर वाहन पर बैठे थे, तभी गुलाबनगर निवासी बिलाल घोसी वहां पहुंचा और उन्हें जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगा।

शोर सुनकर बृजेश के मामा ने हस्तक्षेप कर उन्हें छुड़ाया। आरोप है कि इस दौरान बिलाल ने बृजेश की मामी रानी शर्मा के साथ मारपीट की और चाकू उनके गले पर रख दिया। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो बृजेश मिश्रा बचाव के लिए डंडा लेकर आगे बढ़े। इसी दौरान बिलाल ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और पीठ पर दो वार किए, जिससे वह घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार तड़के प्रेमनगर पुलिस जनकपुरी स्थित पुरानी रेलवे लाइन और आरपीएफ बैरक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि हमले का आरोपित बिलाल घोसी इलाके में मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बिलाल के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और धोखाधड़ी समेत करीब छह से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि युवक पर चाकू से हमले के मामले में नामजद आरोपित बिलाल घोसी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। सूचना पर पुलिस टीम ने उसे घेर लिया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।