घर के बाहर शराब पीने से रोका तो दबंगों ने दुकानदार पर किया हमला, गोलक से निकाल ले गए 6 हजार रूपये
महोबा, यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय में दुकान के बाहर शराब
पीने से मना करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया है। जहां रविवार की रात
दबंगों ने दुकानदार पर लाठी डंडों से हमला कर दुकान में जमकर उत्पात मचाया
है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। घटनाओं से इलाके
में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जनपद मुख्यालय के भटीपुरा मुहाल
निवासी शंकर प्रजापति ने बताया कि वह अपने घर में ही एक छोटी सी किराना की
दुकान का संचालन करते हैं, जिससे वह अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं।
बताया कि रविवार की रात घर के बाहर चबूतरे पर बैठकर कुछ लोग शराब पी रहे
थे, जिन्हें शराब पीने से मना किया तो वह भड़क गए और जान माल कि धमकी देते
हुए वहां से चले गए।
बताया कि जब वह अपनी दुकान बंद कर रहा था तो
उसी समय लाइट चली गई तभी दबंगों ने अंधेरे का फायदा उठा उस पर हमला कर
दिया। घर के अंदर भाग किसी तरह से उसने अपनी जान बचाई है। आरोप लगाते हुए
कहा कि हमलावरों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और दुकान की गोलक में रखे
6000 रूपये भी निकाल कर फरार हो गए हैं।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने
मामले की जांच शुरू की है।
सोमवार को भटीपुरा चौकी प्रभारी रोशन
गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही
है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















