मुरादाबाद,   गूगल पर गोल्ड इन्वेस्टमेंट से जुड़ी जानकारी तलाशना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। साइबर जालसाजों ने फर्जी कम्पनी की वेबसाइट और व्हाट्सऐप के माध्यम से भरोसा दिलाकर 20.50 लाख रुपये की ठगी कर ली।

साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी एसपी ट्रेफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मामले में पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के पैसिफिक स्टार होम्स निवासी व्यापारी विशाल खन्ना ने साइबर क्राइम थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने गूगल पर गोल्ड इन्वेस्टमेंट के संबंध में जानकारी खोजी थी। इसी दौरान उन्हें कैपडिन नामक कम्पनी की वेबसाइट दिखाई दी। 


वेबसाइट पर दिए गए ग्राहक सेवा नंबर पर सम्पर्क करने पर व्हाट्सऐप के जरिए बातचीत हुई, जहां कम्पनी के प्रतिनिधियों ने वेबसाइट पर सीधे निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया।

आरोप है कि जालसाजों के बताए गए विभिन्न बैंक खातों में विशाल खन्ना ने अपने एचडीएफसी बैंक खाते से तीन किस्तों में कुल 20 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बीते 27 जनवरी को बैंक ऑफ इंडिया के खाते में 50 हजार रुपये, 28 जनवरी को बंधन बैंक के खाते में 10 लाख रुपये और 30 जनवरी को बैंक ऑफ इंडिया के एक अन्य खाते में 10 लाख रुपये भेजे गए।

निवेश के बाद जब काफी समय तक न तो कोई मुनाफा मिला और न ही सम्बंधित लोगों से दोबारा सम्पर्क हो पाया, तब पीड़ित को साइबर ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों, लेन-देन के विवरण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।