इंदौर: गणेश जुलूस में चाकूबाजी से नाबालिग की मौत, साथी गंभीर, विवाद के बाद हमले का आरोप
इंदौर,मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान हुए विवाद में दो नाबालिगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग की देर रात एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी साहिल गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया के अनुसार, देर रात एमवाय अस्पताल से दो नाबालिगों को चाकू लगने की सूचना मिली थी। पुलिस के मुताबिक असरावद खुर्द निवासी 16 वर्षीय कृष्णा पंवार और उसका साथी साहिल गणेश उत्सव के जुलूस में शामिल होने तेजाजी नगर से आजाद नगर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, जुलूस में नौ से अधिक डीजे वाहन शामिल थे। कृष्णा और साहिल एक डीजे वाहन के पीछे नाच रहे थे। इसी दौरान उनका कुशाल उर्फ कुणाल नाम के युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने चाकू से कृष्णा पर हमला कर दिया। उसके सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।
कृष्णा को बचाने के लिए साहिल आगे आया तो उस पर भी चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान कृष्णा ने दम तोड़ दिया, जबकि साहिल का आईसीयू में इलाज जारी है।
मजदूरी करते हैं दोनों के परिवार
परिजनों के अनुसार, कृष्णा और साहिल के परिवार मजदूरी करते हैं। दोनों नाबालिग भी परिवार के साथ मकान निर्माण से जुड़े काम में हाथ बंटाते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच रही पुलिस
पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर नामजद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जुलूस के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।















