रांची (RANCHI): प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठन के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को लावालौंग इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। वह चतरा जिले के लावलौंग थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। गिरफ्तार उग्रवादी टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू का करीबी और उसका प्रमुख सहयोगी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी की पुष्टि एक वरीय अधिकारी ने सोमवार को की है।


पूछताछ में हुई कई अहम खुलासे

सूत्रों के अनुसार, वरीय पुलिस अधिकारी गिरफ्तारी के बाद नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रहे हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में टीएसपीसी के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली और संगठन की गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

संगठन के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में था नरेश गंझू

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी रविकांत टीएसपीसी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था और संगठन के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में था। वह लंबे समय से झारखंड पुलिस के मोस्ट वांटेड उग्रवादियों में शामिल था। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी को टीएसपीसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रविकांत के पास से हथियार बरामद किया गया है।