झांसी : व्यापार मंडल अध्यक्ष के भतीजे को गोली मारी, हालत नाजुक
आढ़त बंद कर वापस घर लौट रहा था आढ़तिया
झांसी,उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र
में बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के जिला
अध्यक्ष उमेश गुप्ता के सगे भतीजे प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी पर
फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार
के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई
है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस मामले
की पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब सात बजे
प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी मंडी स्थित अपनी आढ़त की दुकान बंद करके
स्कूटी से घर लौट रहे थे। अभी वह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में कानपुर
बाईपास पर सरोज हॉस्पिटल के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने
उन्हें रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर बदमाशों ने पीछे से तमंचे से फायर
कर दिया।
फायरिंग में मोनू को गोली लग गई। गोली उनकी कमर में लगी,
जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की
भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल मोनू को निजी अस्पताल
पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
घटना
की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ
शुरू की। पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी
है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि
हमलावरों के बारे में सुराग मिल सके।
व्यापार मंडल अध्यक्ष के भतीजे पर हमले की जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश है।
एसपी
सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। गोली
लगने के बाद घायल प्रशांत स्वंय ही चलकर पीताम्बरा हॉस्पिटल पहुंचे थे।
उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति
ने खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया है। पड़ताल जारी है।















