किशोरी के अपहरण के दोषी को सात साल का कारावास
फफूंद थाना क्षेत्र का पांच साल पुराना मामला, 15 हजार रुपये अर्थदंड
औरैया, उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो अधिनियम अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र ने फफूंद थाना क्षेत्र से लगभग पांच साल पूर्व एक नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के दोषी को सात साल के कठोर कारावास की सजा से दंडित किया है। कोर्ट ने उस पर 15 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है।
इस मामले की अभियोजन पक्ष से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक पाॅक्सो मृदुल मिश्र ने गुरुवार काे बताया कि पीड़िता की मां ने फफूंद थाना में यह मामला पंजीकृत कराया। जिसमें वादिनी ने लिखा कि उसकी नाबालिग पुत्री को बाबा का पुर्वा निवासी शीलू पुत्र अमीरे यादव बहला फुसलाकर कर 13 अगस्त 2021 को लेगया। उसको काफी ढूढा गया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। 14 अगस्त को थाना इटावा फ्रेंड्स कालोनी से फोन के जरिए सूचना मिली कि उसकी नाबालिग पुत्री बदहवास हालत में मिली है। वह मौके पर पहुंची तथा बहुत खराब हालत में पुत्री को लेकर आईं। फफूंद थाना पुलिस ने शीलू के विरुद्ध व्यपहरण, पाॅक्सो व दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत किया।
यह मामला विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो में चला तथा गुरुवार को इसका निर्णय सुनाया गया। विशेष लोक अभियोजक मृदुल मिश्र ने बहस की कि अभियुक्त ने संभोग करने के उद्देश्य से किशोरी को बहला फुसलाकर व्यपहरित कर गंभीर प्रकृति का अपराध कारित किया है। पीड़िता 18 वर्ष से कम आयुकी रही है। अतः उसे कठोर दंड दिया जाए। वहीं बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि अभियुक्त 24 वर्षीय नव युवक है। उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, अतः उसे कम सजा दी जाए।
दोनों पक्षकारों को सुनने के बाद एडीजे अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र ने अभियुक्त को नाबालिग पीड़िता को उसके विधिपूर्ण संरक्षण से व्यपहरण का दोषी माना तथा उसे सात वर्ष के कठोर कारावास व 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने पर उसे अतिरिक्त कारावास भुगतना पड़ेगा। कोर्ट ने अर्थदंड की आधी धनराशि पीड़िता को अदा करने का भी आदेश दिया। सजा पाए अभियुक्त शीलू को जिला कारागार इटावा भेज दिया गया।















