इंफाल,  मणिपुर में सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में बीते 24 घंटे में चलाए गए समन्वित अभियान के दौरान दो उग्रवादियों और दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री तथा संदिग्ध हेरोइन भी बरामद की गई।

सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के खोमिडोक उमंग लेइकाई क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय सदस्य बायामायुम पिंगकु (27) को गिरफ्तार किया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले के सांगाइप्रोउ एफसीआई रोड से प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (पी) के सक्रिय सदस्य मोहम्मद आजाद खान (46) को अवैध हथियारों की बिक्री में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक टाटा सफारी डिकोर वाहन भी जब्त किया गया।

नोनी जिले के जौजांगटेक क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान दो देसी सिंगल बैरल बंदूकें और 49 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा, कांगपोकपी जिले के माओहिंग गांव और नॉर्थ चांगौबुंग के बीच पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए अभियान में एक एके-47 राइफल, एक 9 एमएम कार्बाइन, दो .303 राइफल, चार पिस्तौल, 29 सिंगल बैरल बंदूकें, 129 जीवित कारतूस, दो पम्पी, तीन इम्प्रोवाइज्ड बम, 200 ग्राम पीईके विस्फोटक, दो हैंड ग्रेनेड और तीन बाओफेंग रेडियो सेट बरामद किए गए।

थौबल जिले के तेंथा समुचिंग क्षेत्र की तलहटी से एक एसएमजी कार्बाइन तथा पांच बोल्ट एक्शन राइफलें भी बरामद की गईं।

इसी दौरान अलग-अलग छापेमारी में मादक पदार्थ के दो संदिग्ध तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। लिलोंग क्षेत्र से मोहम्मद साहिद रहमान (31) के कब्जे से 45 ग्राम तथा सांगाइयुम्फाम क्षेत्र से मोहम्मद सलाहुद्दीन उर्फ इमुबा (38) के कब्जे से 39.11 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।