कोयंबटूर,  तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ शनिवार तड़के बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा, मेथामफेटामाइन और प्रतिबंधित गुटखा सहित अन्य तंबाकू उत्पाद बरामद किए हैं। साथ ही कई संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक की निगरानी में शुरू किए गए इस अभियान में जिले के सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। सुबह-सुबह सैकड़ों पुलिसकर्मी अलग-अलग टीमों में बंटकर विभिन्न इलाकों में पहुंचे और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से बसों और ट्रेनों के जरिए कोयंबटूर में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इन पदार्थों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर छोटे-छोटे पैकेट में तैयार कर स्थानीय स्तर पर बेचा जा रहा था।

इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बाहरी श्रमिकों के आवास, कॉलेज छात्रों के निजी छात्रावासों और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया। थोंडामुथुर, माधमपट्टी, करुमत्तमपट्टी, पोल्लाची, वालपराई और मेट्टुपालयम सहित कई इलाकों में व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के पहले चरण में पुलिस ने किलो के हिसाब से नशीले पदार्थ बरामद किए हैं, जिनमें गांजा और मेथामफेटामाइन जैसे खतरनाक सिंथेटिक ड्रग्स शामिल हैं। इसके अलावा प्रतिबंधित गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पाद भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, तस्करी नेटवर्क में शामिल कुछ प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी कार्रवाई के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिसमें बरामद माल की कुल मात्रा और बाजार मूल्य की जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से जिले में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।