छह करोड़ की ड्रग्स के साथ दो नाइजीरियन महिलाएं गिरफ्तार, नोएडा पुलिस और मुंबई एटीएस ने की संयुक्त कार्रवाई
नोएडा, उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर पुलिस और
महाराष्ट्र की मुंबई एटीएस ने ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रॉन स्थित एक फ्लैट से
दो नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2,688 ग्राम
मेथामफेटामाइन और निर्माण में प्रयुक्त होने वाला कच्चा माल बरामद हुआ है।
ड्रग्स की कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों महिलाएं करीब दो
महीने से ग्रेटर नोएडा के इस फ्लैट में रह रही थीं। जिस महिला ने उनके लिए
फ्लैट किराये पर लिया था, वह कार्रवाई के दौरान फरार हो गई। एटीएस उसकी
तलाश कर रही है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय डेबायो अबोसेडे
ओमोवुमी और 33 वर्षीय एंजल ओसास जुलिक्ट के रूप में हुई। दोनों नाइजीरिया
की रहने वाली हैं।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी
उमेश नैथानी ने बुधवार काे बताया कि मुंबई एटीएस की टीम ने स्थानीय पुलिस
की मदद से दोनों को पकड़ा है। पूछताछ के बाद दोनों को आज रात को ट्रांजिट
रिमांड पर मुंबई ले जाया जा रहा है। इसके लिए उन्हें विमान से मुंबई ले
जाने की तैयारी है। मुंबई और ग्रेटर नोएडा में ड्रग तस्करी के नेटवर्क के
खिलाफ एटीएस की कार्रवाई एक ही जांच की कड़ी में बताई जा रही है। मुंबई के
बांद्रा पूर्व में कार्रवाई के दौरान एटीएस ने पूर्व मे 2,050 ग्राम
मेथामफेटामाइन बरामद की थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढे
चार करोड़ रुपये आंकी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी से मिले सुराग के आधार पर
एटीएस की टीम ग्रेटर नोएडा पहुंची।
उन्होंने बताया कि मुम्बई एटीएस
की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कासना क्षेत्र के ओमिक्रॉन सेक्टर
स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा। यहां से 2,688 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई
है। इसकी कीमत करीब 06 करोड़ रुपये बताई गई। जांच में सामने आया कि दोनों
विदेशी महिलाएं पिछले करीब दो महीने से फ्लैट में रह रही थीं। फ्लैट किसके
नाम पर किराये पर लिया गया था और महिलाओं को यहां लाने वाला कौन है, इसकी
जांच की जा रही है। जिस महिला ने फ्लैट किराये पर लिया था, उसके फरार होने
से जांच एजेंसी का शक और गहरा गया है।















