मणिपुर में दो उग्रवादी कैडर गिरफ्तार, तंबाकू तस्करी के आरोप में एक अन्य भी पकड़ा गया
इम्फाल, मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है, जबकि तंबाकू उत्पादों की अवैध ढुलाई के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है।
सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को काकचिंग जिले के हियांगलाम थाना क्षेत्र स्थित वाबागाई थिंगेल लेइकाई से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सक्रिय सदस्य हुद्रोम बॉयबॉय सिंह (28) को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, वह हथियारों की तस्करी तथा विभिन्न क्षेत्रों में संगठन के बैनर, झंडे और प्रतीक चिह्न लगाने की गतिविधियों में शामिल था। उसके कब्जे से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
इसी दिन एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग माखा लेइकाई से प्रतिबंधित कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के सक्रिय कैडर थांगजाम दिया सिंह उर्फ मणिमातुम (26) को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं।
वहीं, मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के लिलोंग उकू निवासी मोहम्मद अजमल खान (26) को तंबाकू उत्पादों की अवैध ढुलाई के आरोप में गिरफ्तार किया। उसे काकचिंग जिले के पल्लेल थाना क्षेत्र में पल्लेल-चंदेल मार्ग पर पायनियर स्कूल के निकट रोका गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सुपर कैरी वाहन भी जब्त किया, जिसका उपयोग कथित रूप से तंबाकू उत्पादों के परिवहन में किया जा रहा था।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है।















