बहन की शादी के लिए रुपयों की जरूरत में युवक ने की चोरी, जेवरात समेत गिरफ्तार
कानपुर, जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत बहन की शादी के खर्च के लिए
रुपये जुटाने के प्रयास में एक युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
आरोपित ने घर में घुसकर जेवरात चोरी किए और अपने किराये के कमरे में छिपा
दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच के दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर उसके
कब्जे से चोरी का शत प्रतिशत सामान बरामद कर लिया।
अपर पुलिस
उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बुधवार काे बताया कि जाजमऊ के ताड़बगिया
निवासी सूफिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि बीती 10 अगस्त
को उनके घर से जेवरात और अन्य सामान चोरी हो गए हैं। मामले को गंभीरता से
लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाते हुए जांच
शुरू की।
जांच के दौरान ताड़बगिया निवासी जफर नाम के लड़के की भूमिका
संदिग्ध नजर आयी। पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी
भूमिका स्पष्ट होने के बाद टीम ने उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान चोरी
का सामान बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार
जफर ने घर में दाखिल होने के लिए पड़ोसी मकान की छत का रास्ता अपनाया था।
वह छत से सूफिया के घर पहुंचा और रोशनदान तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद
घर में रखे जेवरात समेटकर वहां से निकल गया।
बरामद सामान में पीली
धातु की चार अंगूठियां, एक जोड़ी कान के बूंदे, एक जोड़ी झुमके, एक टूटी
चेन, चार चूड़ियां, सफेद धातु के दो सिक्के और एक सफेद धातु का घुंघरू
शामिल है। एक सिक्के पर 20 रुपये और दूसरे पर एक रुपये अंकित है।
पुलिस
पूछताछ में जफर ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और घर में बड़ी
बहन की शादी तय है। शादी के खर्च के लिए रुपये की जरूरत थी। आर्थिक परेशानी
के बीच उसने चोरी करने का फैसला लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे
में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा
रहा है।















