ओरिजिनल मॉन्स्टर का दमदार पोस्टर जारी, खूंखार अंदाज में दिखे डॉ. शिवराजकुमार
पैन
इंडिया सुपरस्टार और सैंडलवुड के किंग डॉ. शिवराजकुमार की बहुप्रतीक्षित
फिल्म 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' (ओएम) की पहली झलक सामने आ गई है। फिल्ममेकर आर.
चंद्रू ने फिल्म का दमदार पोस्टर और मोशन पोस्टर जारी किया, जिसमें
शिवराजकुमार बेहद रौद्र, रफ और पहले कभी न देखे गए अवतार में नजर आ रहे
हैं। खून, तबाही और अफरा-तफरी के बीच उनका इंटेंस लुक फिल्म की डार्क और रॉ
एक्शन दुनिया की झलक पेश करता है। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर
दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
निर्देशक आर. चंद्रू ने कहा कि
'ओरिजिनल मॉन्स्टर' को खास रॉनेस, स्केल और इंटेंसिटी के साथ तैयार किया जा
रहा है। उनके मुताबिक, इस किरदार के लिए ऐसी शख्सियत की जरूरत थी, जिसकी
स्क्रीन प्रेजेंस जबरदस्त हो और जो किरदार की अलग-अलग परतों को प्रभावी ढंग
से पर्दे पर उतार सके। चंद्रू ने डॉ. शिवराजकुमार को इस भूमिका के लिए
परफेक्ट चॉइस बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक और एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि एक
पूरी सिनेमाई दुनिया है। वहीं शिवराजकुमार ने बताया कि कहानी सुनते ही
उन्हें किरदार की ऊर्जा और खासियत महसूस हो गई थी। उन्होंने कहा कि यह
भूमिका उनके अब तक के काम से काफी अलग और उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रही
है।
मशहूर निर्माता और प्रेजेंटर आनंद पंडित ने भी फिल्म को लेकर
उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' को बड़े विजन और
महत्वाकांक्षा के साथ बनाया जा रहा है। डॉ. शिवराजकुमार को इस नए और खूंखार
अवतार में देखना रोमांचक होगा, जबकि आर. चंद्रू के पास फिल्म के लिए मजबूत
विजन है। 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' आरसी स्टूडियोज की प्रस्तुति है, जिसका
निर्देशन आर. चंद्रू ने किया है। फिल्म का निर्माण यमुना चंद्रू ने किया है
और आनंद पंडित इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। पोस्टर और मोशन पोस्टर के साथ
फिल्म ने अपना काउंटडाउन शुरू कर दिया है।















