विश्व कैंसर दिवस : इस साल की थीम United by Unique
प्रयागराज, इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन सभागार में बुधवार की सायं 06 बजे विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। डॉ0 कमल सिंह निदेशक मोहक हास्पिटल प्रयागराज ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। इस साल 2026 में यह दिन और भी महत्वपूर्ण हो गया है। क्योंकि कैंसर के मामलों में वैश्विक स्तर पर भारी वृद्धि देखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) के अनुसार, 2022 में दुनिया भर में लगभग 2 करोड़ नए मामले और 97 लाख मौतें दर्ज की गईं। भारत में भी यह संकट गहराता जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में कैंसर के मामले 2019 में 13.5 लाख से बढ़कर 2024 में 15 लाख के पार पहुंच गए हैं।
डॉ0 सपन श्रीवास्तव वरिष्ठ सर्जन कमला नेहरू मेमोरियल हास्पिटल प्रयागराज ने कैंसर की जल्द पहचान पर जरूरी जानकारियां दी। उन्होने कहा कि प्रारम्भिक आवश्यक सम्बंधित जांच लोग अक्सर टालते हैं, लेकिन उन्हें तुरंत कराना चाहिए। जैसे मैमोग्राफी (स्तन कैंसर स्क्रीनिंग)। शुरुआती चरण में स्तन कैंसर में कोई दर्द या लक्षण नहीं होते।
एएमए अध्यक्ष डॉ0 अशोक कुमार मिश्र ने अध्यक्षता की और सचिव आशुतोष गुप्ता ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया सभी सदस्य नियमित व्यायाम और खान-पान पर विशेष ध्यान रखकर अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सकता है। वैज्ञानिक सचिव डॉ0 अनुभा श्रीवास्तव ने संगोष्ठी का संचालन तथा अंत में एएमए सचिव डॉ आशुतोष गुप्ता ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
संगोष्ठी में डॉ शार्दूल सिंह, डॉ अशोक अग्रवाल, डॉ जेवी राय, डॉ अनिल शुक्ला, डॉ सुजीत सिंह, डॉ सुबोध जैन, डॉ रोहित गुप्ता, डॉ सुभाष चन्द्र वर्मा, डॉ अनूप चौहान, डॉ उत्सव सिंह, डॉ राजेश मौर्या, डॉ अभिनव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।















