धनबाद-रांची मुख्य मार्ग धंसा, दहशत में लोग
रांची (RANCHI): धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे सड़क अचानक बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
मुख्य सड़क धंसने से आवागमन पूरी तरह ठप
मुख्य सड़क धंसने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के कर्मचारी और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची है और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके.
लोग विस्थापन के लिए तैयार
स्थानीय लोगों और वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने आरोप लगाया है कि बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है. उनका कहना है कि लोग विस्थापन के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही हैं. वहीं, इस संबंध में स्थानीय लोग मोनू पाठक, शैलेश पांडे, राम अवतार सिंह और बिरेंद्र तुरी ने बताया कि सड़क करीब डेढ़ से दो फीट तक धंस गई है.
स्थानिय लोग चिंतित
बता दें कि इसी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जहरीली गैस का रिसाव भी हो रहा है, जिससे कई लोगों की जान जा चुकी है. अब मुख्य सड़क का धंसना चिंता का विषय बन गया है.














