रांची, । राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने श्रमिक दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।

राज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि राष्ट्र निर्माण के सच्चे नायक, श्रमिक भाई-बहनों को विश्व श्रमिक दिवस पर नमन। उन्हाेंने कहा है कि आपका परिश्रम, समर्पण और निष्ठा देश के विकास की मजबूत नींव है। आपके अथक प्रयासों से ही भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। विश्व श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था का पहिया घुमाने में हमारे श्रमिक भाइयों एवं बहनों की अथाह मेहनत और अथक संघर्ष का महत्वपूर्ण योगदान होता है। हमारे सभी श्रमिक भाइयों-बहनों के साथ हमेशा दृढ़ता के साथ खड़ी है अबुआ सरकार।

उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की आप सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने परिश्रम, संकल्प और समर्पण के साथ देश की समृद्धि एवं प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी श्रमिक भाई-बहनों को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।