ऑटो- ट्रक की टक्कर में वृद्ध की मौत, पांच घायल
पलामू, पलामू जिले के जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ऑटो में दो बच्चों सहित आठ लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया के पास एक बोरवेल ट्रक और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव का पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घायलों में समसुन बीबी (65), पीर मोहम्मद (35), समीरा खातून (30), लालदेव (36), सरिता देवी (54) सहित अन्य शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल समसुन बीबी और पीर मोहम्मद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में अभिषेक कुमार (10) सहित दो बच्चों को भी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी को जिम्मेदार ठहराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क किनारे मिट्टी को ऊंचा छोड़ दिया गया था, जिससे सड़क संकरी और असुरक्षित हो गई है। इसी कारण यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सड़क जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।















