प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने किया स्वागत
रांची (RANCHI): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिन के दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे. बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान एयर इंडिया वन से प्रधानमंत्री जैसे ही विमानतल पर उतरे. वहां पहले से मौजूद प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. यहां स्वागत करने वालों में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक आदि भी रहे.
वाराणसी से बरेका के लिए रवाना हुए पीएम
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री व विशिष्ट जनों से कुछ देर बातचीत की. इसके बाद एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बरेका के लिए रवाना हो गए. बरेका के अस्थाई हेलीपैड पर भी प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मजोशी से आगे बढ़कर पुष्पगुच्छ देकर प्रधानमंत्री की अगवानी की.
सम्मेलन में मंच से गैलरी तक रही केवल महिलाओं की मौजूदगी
वाराणसी को 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का सौगात देंगे प्रधानमंत्री
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार जनसभा स्थल से ही प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का सौगात देंगे. इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. इसके साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर भी करेंगे. इसके अलावा वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाएंगे. रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे.















