मुंबई,  महाराष्ट्र सरकार ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना 2026 के तहत पात्र किसानों की तीसरी सूची सोमवार को जारी की। इसमें राज्य के 3 लाख 51 हजार 192 किसानों को शामिल किया गया है।

इस योजना के तहत 1 अप्रैल, 2019 और 31 मार्च, 2025 के बीच दिए गए फसल ऋण, जो 30 सितंबर, 2025 तक बकाया हैं और 31 मार्च, 2026 तक अदा नहीं किए गए हैं। साथ ही पुनर्गठित और पुनर्वित्त किए गए ऋणों को 2 लाख रुपये तक की ऋण माफी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत बैंकों ने पोर्टल पर 31.17 लाख बकाया ऋण खातों की जानकारी अपलोड की है। 

कंप्यूटर प्रोसेसिंग के बाद पहले दो सूचियां प्रकाशित की गई थी. अब तीसरी सूची जारी होने के साथ ही आधार प्रमाणीकरण के लिए प्रकाशित लाभार्थियों की कुल संख्या 24.67 लाख हो गई है। तीसरी सूची में शामिल किसानों के नाम जिलेवार संबंधित बैंक शाखाओं, विकास संस्थानों और ग्राम पंचायतों में पब्लिश किए गए हैं। इस सूची में शामिल ऋण खातों की बकाया राशि 31 मार्च 2026 तक की स्थिति के अनुसार दी गई है। 

चूंकि 1 अप्रैल 2026 से ब्याज और अन्य खर्चों में छूट दी जाएगी, इसलिए किसानों को बकाया राशि की जांच करनी चाहिए और आधार कार्ड का प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपने ऋण बकाया की जांच करें और निकटतम आप सेवा केंद्र पर आधार सत्यापन पूरा करें।

अब तक प्रकाशित सूचियों में कुल लाभार्थियों की संख्या 24.67 लाख हो गई है। पहली सूची 24 जुलाई, 2026 को जारी की गई थी, जिसमें 16.96 लाख किसान शामिल थे। दूसरी सूची 11 सितंबर, 2026 को जारी की गई थी, जिसमें 4.20 लाख किसानों को शामिल किया गया था। तीसरी सूची सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को जारी की गई, जिसमें 3 लाख 51 हजार 192 किसानों को शामिल किया गया है। इसमें छत्रपति संभाजीनगर- 2,06,450, अमरावती- 85,076, नागपुर- 30,738, नासिक- 14,244, पुणे- 11,928 और कोंकण के 2,756 किसानों का समावेश है।