सनातनी परंपरा और सेना का अपमान करना कांग्रेस की आदत : राकेश त्रिपाठी
लखनऊ, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के हालिया बयान पर भारतीय
जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा
के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय सेना
का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने कांग्रेस को 'बाबरी
की पैरोकार' बताते हुए कहा कि देश की जनता आगामी चुनावों में इन बयानों का
करारा जवाब देगी।
भाजपा प्रवक्ता ने गुरुवार को कांग्रेस के
पुराने बयानों का हवाला देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह
वही कांग्रेस है जिसके नेता सेनाध्यक्ष को 'गुंडा' तक बता चुके हैं और
पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर देश की सेना के
शौर्य पर सवाल उठा चुके हैं।राकेश त्रिपाठी ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ
क्षेत्र ट्रस्ट के संदर्भ में भी कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाए।
उन्होंने
कहा कि जब एक पूर्व एयर मार्शल को राम जन्मभूमि ट्रस्ट का सीईओ (मुख्य
कार्यकारी अधिकारी) बनाया गया तो कांग्रेस ने उस पर भी राजनीतिक सवाल खड़े
कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से राम मंदिर निर्माण और
सनातन संस्कृति के खिलाफ खड़ी रही है और उसकी पैरवी हमेशा बाबरी के पक्ष
में दिखती है।राकेश त्रिपाठी ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस
विभाजनकारी और राष्ट्रविरोधी मानसिकता को बारीकी से देख रही है। आने वाले
चुनावों में मतदाता कांग्रेस के इन सभी सवालों और अपमानजनक बयानों का जवाब
अपने वोटों के माध्यम से देंगे।