जगन्नाथ मंदिर के पट खुले , दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
खूंटी , भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा का नेत्रदान अनुष्ठान बुधवार को तोरपा के जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। अज्ञातवास के बाद नेत्रदान के उपरांत मंदिर का पट खोला गया। पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों हाथ उठाकर भक्त "जय जगन्नाथ" के जयघोष करने लगे।
सुबह स्नान-ध्यान के बाद धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। सभी विग्रहों का दिव्य श्रृंगार किया गया। नये वस्त्र और पुष्पों के हार से सजाकर आरती उतारी गई। दिनभर कीर्तन-भजन का दौर चलता रहा। दोपहर में भोग आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। अनुष्ठान श्रीपाद मंगल निलय दास प्रभु ने संपन्न कराए।
इधर मौसीबाड़ी में गुंडिंचा मार्जन किया गया। रथयात्रा के बाद गुरुवार से नौ दिनों तक भगवान जगन्नाथ स्वामी यहीं विश्राम करेंगे।
मंगल निलय दास प्रभु ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा गुरुवार को निकाली जाएगी। सुबह महाप्रभु का अभिषेक, संकीर्तन, हरिकथा और भोग आरती के बाद विशाल भंडारा होगा। दिनभर दर्शन-पूजन के बाद अपराह्न 3 बजे विग्रहों को रथारूढ़ किया जाएगा। इसके बाद भव्य रथयात्रा नगर भ्रमण करती हुई मौसीबाड़ी पहुंचकर संपन्न होगी।














