ईरान में बमबारी, स्कूल उड़ा, इजराइल में बज रहे सायरन, लेबनान में हमला, मध्य पूर्व पहुंचने वाले हैं अमेरिकी पैराट्रूपर्स
तेहरान/तेल अवीव/बेरूत/वाशिंगटन, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से छिड़ा युद्ध दिन-ब-दिन विस्तार लेता जा रहा है। इस युद्ध की विभीषिका में खाड़ी देश भी झुलस रहे हैं। तेल और गैस के लिए निर्भर दुनिया के बाकी देशों में अलग तरह का संकट खड़ा हो गया है।
अल जजीरा, द टाइम्स ऑफ इजराइल और सीबीएस न्यूज की अलग-अलग रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आज तड़के ईरान की राजधानी के पूरब में धमाकों की आवाज सुनी गई है और चल रही बमबारी में रिहायशी इमारतें और एक स्कूल तबाह हो गया है। उधर, इजराइल की सेना ने ईरान से देश के मध्य हिस्सों की ओर दागे गए प्रोजेक्टाइल का पता लगाया है। इस हमले के बाद पूरे मध्य इजराइल में हवाई हमले के अलार्म बज उठे।
ईरान और हिजबुल्लाह ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव और उत्तरी इलाकों में मिसाइल हमला किया है। हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम एक दर्जन लोग घायल हो गए। इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं।
बताया जा रहा है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई। कुवैत सिविल एविएशन प्राधिकरण ने इसकी पुष्टि की है। जॉर्डन की राजधानी अमान के दक्षिण में कम आबादी वाले इलाके में मिसाइल के टुकड़े गिरने की सूचना है।
सीबीएस न्यूज ने अमेरिकी रक्षा विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से कहा है कि अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने पैराट्रूपर्स को भेजने का फैसला किया है। दावा किया गया है कि पेंटागन सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के जांबाज जवानों को मध्य पूर्व भेजेगा।















