रांची (RANCHI): कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर के सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी में संदिग्ध समेत आठ लोग मारे गए. इसके अलावा एक घर से दो व्यक्तियों के शव मिले हैं. माना जा रहा है कि इन दोनों का संबंध इस गोलीबारी से है. रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी.


स्कूल के अंदर छह लोगों और संदिग्ध हमलावर का शव मिला

द कैनेडियन प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, आरसीएमपी ने कहा कि गोलीबारी में 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इनमें दो को जानलेवा चोट आई है. पुलिस को गोलीबारी की सूचना दोपहर करीब 1:20 बजे मिली. पुलिस के पहुंचने पर स्कूल के अंदर छह लोगों और संदिग्ध हमलावर का शव मिला. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एयर लिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया. एक घायल की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई.

एक घर के 
अंदर दो लोग मृत पाए गए

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस घटना से जुड़े पास के एक घर की पहचान हुई. घर के अंदर दो लोग मृत पाए गए. आरसीएमपी के अनुसार, संदिग्ध हमलावर ने खुद को गोली मारी. यह जांच की जा रही है कि क्या इस घटना में कोई दूसरा संदिग्ध भी शामिल था. बता दें कि टम्बलर रिज छोटा शहर है .इसकी आबादी लगभग 2,400 है. पुलिस ने लोगों से घरों के अंदर रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है. आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है.

परिजनों को ढूंढ रहे लोंगो से घर वापस लौट जाने की अपील

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टम्बलर रिज एलीमेंट्री स्कूल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं. पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस की अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं. उन्होंने सुरक्षा कारणों से और अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया. उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की है कि जो लोग अपने परिजनों को ढूंढ रहे हैं, कृपया घर लौट जाएं और पुलिस को काम करने दें.