जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित
लुसाका
(जाम्बिया), देश के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को
दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से चुन लिया गया है। जाम्बिया के
चुनाव आयोग ने मंगलवार सुबह यह घोषणा की। आयोग ने कहा कि उन्होंने 51
प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल किए। देश में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए
पिछले गुरुवार को मतदान हुआ था।
तुर्किये के अखबार येनी शफाक और
सरकारी न्यूज चैनल टीआरटी वर्ल्ड ने चुनाव आयोग के हवाले से प्रसारित
रिपोर्ट के अनुसार, 64 वर्षईय हिचिलेमा ने 2,965,326 मत हासिल किए। उनके
निकटतम प्रतिद्वंद्वी विपक्षी नेता और नेशनल रेस्टोरेशन पार्टी फॉर यूनिटी
एंड प्रोग्रेस के ब्रायन मुंडुबिले को 1,856,217 मत प्राप्त हुए। चुनाव
आयोग की आयोग की अध्यक्ष म्वांगाला जालौमिस ने कहा, "इसलिए, मैं 18 अगस्त,
2026 को हाकाइंडे हिचिलेमा को जाम्बिया गणराज्य का निर्वाचित राष्ट्रपति
घोषित करती हूं।"
हिचिलेमा ने इस घोषणा के बाद कहा कि वह देश के
लोगों के भरोसे से अभिभूत हैं। हिचिलेमा ने फेसबुक पोस्ट में कहा,
"धन्यवाद, ज़ाम्बिया। आपने हमारे देश के सर्वोच्च पद को संभालने और एक बार
फिर आपके सेवक के रूप में काम करने के लिए जो भरोसा हम पर जताया है, उससे
हम सचमुच अभिभूत हैं।"
इस चुनाव पर सारी दुनिया की नजरें लगी हुई
थीं। पिछले शुक्रवार को वोटों की गिनती रोक दी गई थी और कुछ घंटों बाद कड़ी
सुरक्षा के बीच इसे फिर से शुरू किया गया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि
आयोग ने बताया था कि कुछ मतदान अधिकारियों पर हमले हुए थे और कुछ बैलेट
पेपर चोरी हो गए थे। सरकार ने यह पुष्टि की कि चुनाव की रात विपक्ष के कई
बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उन पर राज्य की सुरक्षा के
लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया था।
हिचिलेमा की जीत की घोषणा से
पहले ही लुसाका की सड़कों पर हलचल शुरू हो गई। जीत की घोषणा के बाद हर वर्ग
के लोग सड़कों पर उमड़ पड़े और सुबह की ठंड की परवाह किए बिना खुशी से
जश्न मनाया। हिचिलेमा की पार्टी और सत्ताधारी यूनाइटेड पार्टी फॉर नेशनल
डेवलपमेंट के अध्यक्ष कॉलिन्स माओमा ने नतीजों का स्वागत करते हुए
राष्ट्रपति से अपने नेतृत्व का अंदाज बनाए रखने का आग्रह किया।












