आसनसोल उत्तर विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने जारी किया घोषणापत्र
आसनसोल, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के
बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने मंगलवार
को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष देबतन्नु
भट्टाचार्य, प्रदेश कमेटी सदस्य दिलीप दे, मीडिया प्रभारी मदन मोहन चौबे,
दुर्गेश नागी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घोषणापत्र
जारी करते हुए कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र कई
बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने जल निकासी की समस्या, पेयजल
संकट, शहर में जाम की स्थिति, जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी,
शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और बढ़ती बेरोजगारी को प्रमुख मुद्दों के रूप
में उठाया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ वादे करना नहीं, बल्कि
जमीनी स्तर पर काम करके समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने घोषणा
किया कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को नौकरी
मिलने तक प्रति माह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी ताकि वे
आत्मनिर्भर बन सकें। बुजुर्ग महिलाओं को दो हजार रुपये मासिक सहायता देने
की भी बात कही गई।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने किसानों के लिए वार्षिक
आर्थिक सहायता और आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर
उन्होंने एक हेल्पलाइन नंबर 919593222255 भी जारी किया और कहा कि यह नंबर
चुनाव के बाद भी आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहेगा।
उन्होंने
आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कथित अत्याचारों से परेशान लोगों की मदद
के लिए भाजपा हमेशा तैयार रहेगी। वहीं जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य ने
लोगों से भाजपा के समर्थन में मतदान करने की अपील की और कहा कि पार्टी
विकास और पारदर्शिता के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।
अंत में
कृष्णेंदु मुखर्जी ने भरोसा जताया कि इस बार राज्य में भाजपा की सरकार
बनेगी और जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन ही
उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के दम पर उत्तर विधानसभा को एक विकसित
क्षेत्र बनाया जाएगा।















