बंगाल में सत्ता मिली तो ‘लव जिहाद’ और बहुविवाह खत्म करेंगे: अमित शाह
कोलकाता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्दीय गृह एवं सहकारिता
मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के दौरान बड़ा
बयान देते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में
सत्ता में आती है, तो राज्य में ‘लव जिहाद’ और ‘बहुविवाह’ जैसी प्रथाओं पर
रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए समान नागरिक संहिता को लागू किया
जाएगा।
मालदा जिले के माणिकचक में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते
हुए शाह ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कुछ लोगों को एक साथ चार विवाह
करने की अनुमति है, जबकि अन्य को एक ही विवाह तक सीमित रहना पड़ता है।
उन्होंने इसे असमानता बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद समान
नागरिक संहिता लागू कर इस व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी
कहा कि राज्य में ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ जैसी गतिविधियों पर पूर्ण
विराम लगाया जाएगा।
गृह मंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते
हुए पिछले पंद्रह वर्षों में हुए भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कड़ी
चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई यह सोचता है कि वह बच जाएगा, तो यह
उसकी भूल है। चुनाव परिणाम घोषित होने और नई सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार
में शामिल हर व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि यदि
23 और 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दौरान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े
असामाजिक तत्व गड़बड़ी करने की कोशिश करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त
कार्रवाई की जाएगी। शाह ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को मतदान के
दिन घर में ही रहना चाहिए, अन्यथा उन्हें परिणाम भुगतने होंगे।
इस
दौरान शाह ने नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबर द्वारा ध्वस्त
किए गए राम मंदिर का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ
है। उन्होंने तृणमूल के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद निर्माण
से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में कहीं भी बाबरी
मस्जिद का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने दावा
किया कि भाजपा ने राज्य में आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद पर नियंत्रण किया
है और अब अवैध घुसपैठ को भी पूरी तरह रोका जाएगा।----------















