मेदिनीपुर,  शहीद खुदीराम बोस के 119वें बलिदान दिवस के अवसर पर मंगलवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में भोर चार बजकर 20 मिनट पर शहीद की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारागार में आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम की परंपरा के अनुरूप बेलदा में भी उसी समय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

11 अगस्त 1908 को मेदिनीपुर के वीर क्रांतिकारी खुदीराम बोस को बिहार के मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारागार में फांसी दी गई थी। स्वतंत्रता के बाद मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारागार का नामकरण शहीद खुदीराम बोस के नाम पर किया गया। प्रत्येक वर्ष 11 अगस्त को भोर चार बजकर 20 मिनट पर वहां शहीद को श्रद्धांजलि देने की परंपरा है।

वर्ष 2023 में मुजफ्फरपुर स्थित शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारागार में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बेलदा के तीन पत्रकारों ने भाग लिया था। इनमें शिक्षक एवं पत्रकार अखिलबंधु महापात्र भी शामिल थे। उन्होंने मेदिनीपुर समन्वय संस्था की बेलदा क्षेत्रीय इकाई के समक्ष बंगाल में भी उसी समय शहीद खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने का प्रस्ताव रखा था। इसी प्रस्ताव के आधार पर मंगलवार को बेलदा रेलवे स्टेशन परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मेदिनीपुर समन्वय संस्था की बेलदा क्षेत्रीय इकाई के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष सूर्यकांति नंद, सचिव पुलक पात्र, केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष एवं शिक्षक हरिपद पात्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वर्ष 2023 में मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए बेलदा के तीन पत्रकारों के साथ तीन पूर्व सैनिकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद शहीद खुदीराम बोस की स्मृति को समर्पित संक्षिप्त पदयात्रा निकाली गई। भोर के समय आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति और शहीद के बलिदान की स्मृति से भावुक वातावरण बना रहा।