जमीन के दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर ठगी का आरोप, भूमि एवं भूमि सुधार विभाग का चालक गिरफ्तार
पुरुलिया, जिले में जमीन के दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर एक
व्यक्ति से रुपये लेने के आरोप में पाड़ा ब्लॉक भूमि एवं भूमि सुधार विभाग
के एक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान चंडी मोदक के
रूप में हुई है। उसे पाड़ा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।रविवार को
आरोपित को रघुनाथपुर महकमा न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे
चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस सूत्रों
के अनुसार, आरोपित पाड़ा इलाके का निवासी है और उसकी एक दुकान भी है, जहां
विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित कार्य किए जाते हैं। साथ ही वह पाड़ा
ब्लॉक भूमि एवं भूमि सुधार विभाग में अस्थायी वाहन चालक के रूप में भी
कार्यरत था।
आरोप है कि शनिवार को चंडी मोदक ने एक व्यक्ति से जमीन
के दस्तावेज तैयार कराने का झांसा देकर रुपये ले लिए। पुलिस के अनुसार,
इससे पहले भी उसके खिलाफ इस प्रकार की कई शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन
लिखित शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी
थी।
शनिवार को लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।













