बागडोगरा पहुंचे मंत्री निशीथ प्रमाणिक, बंगाल में उद्योग लौटने का किया दावा
सिलीगुड़ी, उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक शुक्रवार को कोलकाता से बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य में उद्योग, ज्ञानेश कुमार को सरकारी गवाह बनाने के मुद्दे, आरजी कर कांड और छात्र आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
बंगाल में उद्योगपतियों के लौटने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में एक के बाद एक उद्योगपति बंगाल छोड़कर चले गए थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद कम समय में लोगों की कई उम्मीदें और मांगें पूरी हुई है। उनके अनुसार, राज्य में ऐसा माहौल बना है, जिससे उद्योगपति फिर से बंगाल की ओर लौट रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी आरोप-प्रत्यारोपों पर निशीथ प्रमाणिक ने कहा कि जब राष्ट्रविरोधी या विदेशी ताकतें मिलकर देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती है, तब देश के लोगों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी पर आरोप लगाने से पहले उचित तथ्य और प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए। मामला न्यायाधीन है और उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है।
आरजी कर मामले में अभया के पिता को बंदूक दिखाकर धमकी देने के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि मामले में पुलिस और मेडिकल अधिकारियों समेत जिन लोगों के नाम सामने आए है, उनसे पूछताछ की जा रही है और कुछ लोग जेल में भी है। मामला अदालत में विचाराधीन होने के कारण अंतिम निर्णय अदालत के निर्देश के अनुसार ही होगा।वहीं सीजीपी आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्र आंदोलन को पहले स्वीकार किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पिछली बार जैसी प्रतिक्रिया हासिल नहीं कर पाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीति में कहां उत्थान और कहां पतन होगा, यह कोई नहीं जानता।















