पश्चिम मेदिनीपुर में दो अलग-अलग हादसों में एक की मौत, दो घायल
खड़गपुर, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेल लाइन पार करने के दौरान एक वृद्धा की मौत हो गई। वहीं, बेलदा में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े वाहन से टोटो टकरा गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दांतन थाना क्षेत्र के मेनकापुर गांव निवासी संध्या मायती (76) उलूबेड़िया स्थित अपनी बेटी के घर से लौट रही थीं। दांतन स्टेशन पर उतरने के बाद वह रेल लाइन पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के कारण हवा के दबाव से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह रेल लाइन पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया है जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
दूसरी ओर, बेलदा थाना क्षेत्र के श्यामपुरा इलाके में गुरुवार देर रात 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टोटो बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शी असीम बर्मन ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया सड़क पर खड़े एक वाहन के पीछे टोटो ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टोटो पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी और बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।













