खड़गपुर, खड़गपुर के हिजली सोसाइटी स्थित मैत्री भवन सभागार में रविवार रात ‘श्रद्धार्घ्य परिवार’ का पांचवां वार्षिक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहस्र पूर्ण चंद्र दर्शन से धन्य वरिष्ठ समाजसेवी श्यामसुंदर बर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 15 छात्र-छात्राओं को शिक्षा सहायक सम्मान निधि प्रदान की गई।

समारोह में ‘श्रद्धार्घ्य स्मारक सम्मान-2026’ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया गया। समाज सेवा के क्षेत्र में प्रसिद्ध एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट मृत्युंजय भट्टाचार्य, साहित्य के क्षेत्र में साहित्यकार सुनील माझी तथा कला के क्षेत्र में नृत्यांगना रिंकू चटर्जी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्कृत मंत्रों एवं संगीत प्रस्तुति के लिए बाल कलाकार अहना और अद्रिजा तथा सेवा एवं सनातन धर्म प्रचार के लिए भारत सेवाश्रम संघ, डोकरा (झाड़ग्राम) के अध्यक्ष स्वामी सुरेशानंद महाराज को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमद्भगवद्गीता के पंद्रहवें अध्याय का पाठ रूमा पड़िया ने किया। समारोह में आईआईटी खड़गपुर के अनेक प्रख्यात प्राध्यापक, ग्रामीण क्षेत्र की मातृशक्ति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आयोजक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के संयोजक अशोक कुमार पाड़िया ने बताया कि ‘श्रद्धार्घ्य’ एक सामाजिक-सांस्कृतिक पहल है, जिसके अंतर्गत समाजसेवियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाता है तथा उनके सम्मान में श्रद्धांजलि और स्मरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों की सहायता के साथ-साथ शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का समापन सम्मान वितरण एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया।