बीरभूम,  कौशिकी अमावस्या से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर में मां तारा की पूजा-अर्चना की। सिर पर पूजा की डलिया लेकर मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चार के बीच पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने मां तारा को लाल बनारसी साड़ी, कमल और अपराजिता की माला अर्पित की तथा स्वयं माला पहना कर आरती भी की।

मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचते ही परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। कई लोग उनके साथ तस्वीर लेने के लिए उमड़ पड़े। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मां तारा का आशीर्वाद लिया और मंदिर से बाहर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मां तारा के आशीर्वाद से हम परंपरा, संस्कृति और रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत वाला बीरभूम बनाएंगे।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कालीघाट समेत राज्य के कई प्रमुख आस्था स्थलों का दौरा किया है और तारापीठ का दर्शन करना बाकी था, जिसे उन्होंने शनिवार को पूरा किया।

कौशिकी अमावस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस अवसर पर तारापीठ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।