बंगाल में आज बारिश का जोर, कई जिलों में भारी वर्षा और गरज-चमक की चेतावनी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में मानसून के फिर सक्रिय होने से
मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गंगीय और उप-हिमालयी
पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने
की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम
विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर
एवं दक्षिण 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पूर्व एवं पश्चिम
बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम एवं पूर्व मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम
में वर्षा की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ तेज हवा भी चल
सकती है।
राजधानी कोलकाता में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवा चलने की
भी संभावना जताई गई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग,
जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार सहित अन्य जिलों में भी बारिश और
गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा का
प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में
भी स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल
और उत्तर ओडिशा के तट से लगे समुद्री क्षेत्र में 11 से 14 अगस्त तक
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इस दौरान 35 से 45 किलोमीटर
प्रति घंटा की गति से तेज हवा चल सकती है और झोंकों की गति 55 किलोमीटर
प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में नहीं जाने
की सलाह दी गई है। समुद्र में 1.1 से 1.2 मीटर ऊंची लहरें उठने की भी
संभावना है।
अलीपुर मौसम केंद्र के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल में
12 और 13 अगस्त को भी भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवा की स्थिति बन
सकती है। 14 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी है। 15 से 17 अगस्त के बीच
फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।














