भाजपा और डीवाईएफआई समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, तोड़फोड़
कूचबिहार, जिले के गूंजबाड़ी इलाके में रविवार दोपहर भारतीय जनता
पार्टी (बीजेपी) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई ) के
कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और
तनाव फैल गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और वाहन समेत पेट्रोल पंप में भी
तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार, डीवाईएफआई का एक पूर्व
निर्धारित कार्यक्रम गूंजबाड़ी के पंचानन भवन में आयोजित था। डीवाईएफआई का
आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनके वाहनों पर जिले के पांच
अलग-अलग स्थानों पर हमले किये गये। इसके बाद जब कार्यक्रम चल रहा था, तभी
कथित तौर पर बीजेपी कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और सभा को बाधित करने की
कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थिति
और बिगड़ने पर कुछ बीजेपी कार्यकर्ता जान बचाने के लिए पास के एक पेट्रोल
पंप में शरण लेने पहुंचे। आरोप है कि वहां भी डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने
पहुंचकर तोड़फोड़ की। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो
गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल और कॉम्बैट
फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस झड़प में दोनों
पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













