शिमला,हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे सात लोगों की कार सोमवार शाम चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। उदयपुर थाना अंतर्गत तांदी गांव के समीप हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार हरियाणा नंबर की हुंडई आई-20 थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना सोमवार शाम करीब चार बजे तांदी क्षेत्र में राज्य राजमार्ग-26 पर वीर मंदिर तिंदी के समीप हुई। कार नंबर एच आर 03P 3251 कुठाड़ से शालग्रां गांव की ओर जा रही थी। वाहन में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी अनुसार कार में शालग्रां गांव के छह लोग और भुजंड गांव का एक व्यक्ति सवार था।

पुलिस के अनुसार कार जब वीर मंदिर के समीप एक मोड़ पर पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से फिसलकर चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान शालग्रां निवासी शिव कुमार, अजय और कार्तिक के रूप में हुई है। घायलों की पहचान रोहित, पुष्पेंद्र, समीर और विवेक के रूप में हुई है। चारों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर पहुंचाया गया है।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी तांदी और पुलिस थाना उदयपुर की टीमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए सीएचसी उदयपुर लाया जा रहा है।

उदयपुर पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।