सुपौल में इंटरमीडिएट रिजल्ट जारी, बेटियों का दबदबा बरकरार; ऑनलाइन पढ़ाई बनी सफलता की कुंजी
सुपौल, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष भी पिछले साल की तरह जिला टॉपरों में बेटियों ने बाजी मारी है। तीनों संकाय—विज्ञान, कला और वाणिज्य—में कुल 11 जिला टॉपर बने हैं, जिनमें 6 छात्राएं और 5 छात्र शामिल हैं।
विज्ञान संकाय में जीबीएमए हाई स्कूल करजाईन की आंचल कुमारी ने 93.60 प्रतिशत (468 अंक) लाकर जिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया। वहीं गवर्मेंट हाई स्कूल वीरपुर की आंचल गुप्ता ने समान अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर जीबीएमए हाई स्कूल करजाईन की प्राची कुमारी रहीं, जिन्होंने 92.40 प्रतिशत (462 अंक) अंक प्राप्त किए।
कला संकाय में सत्यदेव हाई स्कूल पिपरा की नेहा ने 94.20 प्रतिशत (471 अंक) के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। 93 प्रतिशत (465 अंक) के साथ एलएनवी इंटर कॉलेज त्रिवेणीगंज के सुधांशु कुमार, उत्क्रमित एमएस मधुबनी छातापुर के राहुल और एसएस हरावत राज हाई स्कूल गणपतगंज के हेमंत कुमार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर डॉ. जगन्नाथ मिश्र इंटर कॉलेज की प्रिंसी मिश्रा ने 92.80 प्रतिशत अंक हासिल किए।
वाणिज्य संकाय में सुपौल हाई स्कूल के आदित्य कुमार ठाकुर ने 87 प्रतिशत (435 अंक) के साथ जिला टॉपर का खिताब अपने नाम किया। वहीं प्रियंका कुमार अग्रवाल 433 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और डॉ. विद्यासागर यादव हाई स्कूल करजाईन के नित्यम 84.80 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।ऑनलाइन पढ़ाई से मिली सफलता
डॉ. जगन्नाथ मिश्र इंटर कॉलेज की प्रिंसी मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय ऑनलाइन पढ़ाई को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिली सहायता ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की। प्रिंसी आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती हैं।
साधारण परिवार से निकलकर बने टॉपर
कॉमर्स टॉपर आदित्य कुमार ठाकुर, जो एक किराना दुकानदार के पुत्र हैं, ने भी अपनी सफलता का श्रेय ऑनलाइन कोचिंग और स्कूल को दिया। उनका लक्ष्य बीबीए कर फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाना है।
कॉमर्स सेकेंड टॉपर प्रियंका कुमार अग्रवाल, जिनके पिता कपड़ा व्यवसायी हैं, ने भी ऑनलाइन पढ़ाई को अपनी सफलता का मुख्य आधार बताया। वह आगे सीए की तैयारी करना चाहती हैं।














